
उर्वरक निरीक्षक का मिलूपारा के कृषि केंद्र का औचक निरीक्षण, चौधरी इंटरप्राइजेज को कारण बताओ नोटिस
रायगढ़ तमनार
राज्य शासन की मंशा के अनुरूप किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले कृषि उत्पाद उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग तमनार द्वारा निजी कृषि केंद्रों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में तमनार विकास खंड के ग्राम मिलूपारा स्थित चौधरी इंटरप्राइजेज का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान कृषि केंद्र के दस्तावेजों की जांच की गई, जिसमें कई दस्तावेज अपूर्ण पाए गए। साथ ही आयुषी क्रॉप साइंस प्राइवेट लिमिटेड एवं यूलिंक एग्रीटेक प्राइवेट लिमिटेड के उत्पादों से संबंधित लाइसेंस में आवश्यक पीसी (पेस्टिसाइड/उत्पाद संबंधी अनुमति) दर्ज नहीं होने की बात सामने आई।
प्रशासन द्वारा संबंधित कृषि केंद्र को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। वहीं उक्त दोनों कंपनियों के उत्पादों के विक्रय पर आगामी आदेश तक रोक लगा दी गई है।
कृषि विभाग की इस कार्रवाई से निजी कृषि केंद्र संचालकों में हड़कंप की स्थिति है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण एवं नियमानुसार कृषि सामग्री उपलब्ध कराने के लिए निरीक्षण और जांच की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।