अंतिम संस्कार के दौरान बड़ा हादसा, जलती चिता में घुसी ऑटो

बिलासपुर अंतिम संस्कार के दौरान बड़ा हादसा, जलती चिता में घुसी ऑटो
बिलासपुर के मंगला स्थित दीनदयाल कॉलोनी में अंतिम संस्कार के दौरान ऐसा हादसा हुआ, जिसने वहां मौजूद लोगों को दहला दिया। वृद्धा के अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुंचे मामा-भांजे की ऑटो अचानक पीछे की ओर चल पड़ी और सीधे जलती चिता में जा घुसी। आग की चपेट में आने से ऑटो पूरी तरह जलकर खाक हो गई, जबकि दोनों लोग झुलस गए। दोनों को इलाज के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया है।
घटना सिविल लाइन क्षेत्र के मंगला स्थित दीनदयाल कॉलोनी की है। महाराणा प्रताप चौक निवासी ऑटो चालक दशरथ सिंह राजपूत अपने भांजे शैलेंद्र सिंह के साथ रिश्तेदार वृद्धा के अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुंचे थे। अंतिम संस्कार के बाद दोनों घर लौटने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान दशरथ ने ऑटो स्टार्ट कर आगे बढ़ाने की कोशिश की, लेकिन ऑटो बैक गियर में होने के कारण पीछे की ओर चल पड़ी और सीधे जलती चिता में जा घुसी,अचानक लगी आग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई,मामा-भांजे ने किसी तरह ऑटो से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, लेकिन तब तक दोनों झुलस चुके थे। आग ने ऑटो को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया, मौके पर मौजूद लोगों की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सिम्स में उनका इलाज जारी है।
एक छोटी-सी चूक ने अंतिम संस्कार के गमगीन माहौल को हादसे में बदल दिया। जिस जगह परिवार के लोग अपनों को अंतिम विदाई देने पहुंचे थे, वहीं दो लोगों को अस्पताल पहुंचाना पड़ा और ऑटो जलकर खाक हो गई।