
धान खरीदी शुरू होते ही सक्रिय हुए बिचौलिए! तमनार ब्लॉक में ओडिशा से रोजाना धान तस्करी की खबर, निगरानी टीम आखिर कर क्या रही है?
सेटिंग या लापरवाही? विभागीय कार्यप्रणाली पर उठने लगे सवाल!
छत्तीसगढ़ में धान खरीदी शुरू होते ही बिचौलियों का खेल भी कथित तौर पर शुरू हो गया है… रायगढ़ जिले के तमनार ब्लॉक में ओडिशा से रोजाना धान तस्करी की खबरें सामने आ रही हैं… तस्करी रोकने के लिए कृषि उपज मंडी, राजस्व विभाग और खाद्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की तैनाती तो की गई है, लेकिन तस्कर अब तक पकड़ से बाहर नजर आ रहे हैं… आखिर निगरानी के बावजूद धान तस्करी का खेल कैसे चल रहा है? क्या विभागीय लापरवाही है या फिर कहीं कोई सेटिंग का खेल? सवाल बड़ा है और जवाब प्रशासन को देना होगा…
जिले के दूसरे क्षेत्रों में अवैध भंडारण एवं तस्करी को लेकर आए दिन कार्यवाही हो रही पर अभी तक तमनार विकास खंड अंतर्गत कोई कार्यवाही नहीं होना क्या यह तय करता है कि तमनार विकास खंड अंतर्गत अवैध भंडारण एवं तस्करी बंद हो चुकी है जबकि सीमा क्षेत्रों में तस्करी बदस्तूर चल रहा है
सवाल यह है कि जब निगरानी के लिए अधिकारी-कर्मचारी तैनात हैं, तो कथित धान तस्करी पर प्रभावी रोक क्यों नहीं लग पा रही है? सीमावर्ती रास्तों पर जांच कितनी सख्त है? क्या संदिग्ध वाहनों की जांच हो रही है? आखिर तस्करी की भनक जिम्मेदार विभागों को क्यों नहीं लग रही?
यदि दूसरे राज्य का धान छत्तीसगढ़ की खरीदी व्यवस्था में खपाया गया, तो इसका नुकसान वास्तविक किसानों और शासन दोनों को उठाना पड़ सकता है… ऐसे में प्रशासन की जिम्मेदारी है कि सीमावर्ती मार्गों पर सख्ती बढ़ाए, तस्करी के नेटवर्क की जांच करे और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करे…
अब तमनार क्षेत्र में कथित धान तस्करी के मामले में प्रशासन की कार्रवाई पर निगाहें टिकी हैं… क्या जिम्मेदार विभाग बिचौलियों पर शिकंजा कसेंगे, या फिर धान तस्करी का यह खेल विभागीय निगरानी के बीच ही चलता रहेगा?