
देवगढ़ स्कूल का शानदार परीक्षा परिणाम: 12वीं में 100% सफलता, 10वीं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन
रायगढ़ जिले के तमनार विकासखंड अंतर्गत शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल देवगढ़ ने इस वर्ष बोर्ड परीक्षा परिणाम में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। कक्षा 10वीं और 12वीं दोनों के परिणाम उत्साहजनक रहे, जिससे क्षेत्र में शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल बना है।
कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणाम की बात करें तो कुल 44 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे और सभी 44 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से 42 विद्यार्थी सफल रहे। परिणाम के अनुसार 19 छात्रों ने प्रथम श्रेणी, 22 ने द्वितीय श्रेणी तथा 1 छात्र ने तृतीय श्रेणी में सफलता प्राप्त की। वहीं 2 विद्यार्थियों को पूरक (सप्लीमेंट्री) मिली है।
वहीं कक्षा 12वीं का परिणाम पूरी तरह से उत्कृष्ट रहा। कुल 21 विद्यार्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया और सभी 21 छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुए। खास बात यह रही कि विद्यालय ने 100 प्रतिशत परिणाम दर्ज किया। इनमें से 15 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी और 6 ने द्वितीय श्रेणी में सफलता प्राप्त की।
विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों की मेहनत का ही परिणाम है कि सीमित संसाधनों के बावजूद छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया। इस उपलब्धि से क्षेत्र के अभिभावकों और ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। शाला विकास समिति अध्यक्ष प्रताप बेहरा प्राचार्य चतुर्भुज साव सहित विद्यालय परिवार ने सभी सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें बधाई दी है।