
भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा तालाब, वार्डवासियों ने कलेक्टर से लगाई गुहार
घरघोड़ा नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 11, 12 एवं 15 के रहवासियों ने बैगामुड़ा निस्तारी तालाब की जर्जर मेड़ की मरम्मत कराने की मांग को लेकर कलेक्टर रायगढ़ को आवेदन सौंपा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि शासन द्वारा पूर्व में तालाब के गहरीकरण एवं गाद सफाई का कार्य कराया गया था, लेकिन निर्माण कार्य में भारी लापरवाही और भ्रष्टाचार के कारण तालाब की मेड़ मजबूत नहीं बनाई गई।
ग्रामीणों के अनुसार मेड़ निर्माण कार्य सही तरीके से नहीं होने के कारण तालाब का पानी मेड़ के नीचे से रिसकर बह गया, जिससे तालाब पूरी तरह खाली हो गया। इसका सीधा असर आसपास के वार्डों के लोगों पर पड़ा है, जो गर्मी के मौसम में पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद तालाब अपनी उपयोगिता खो चुका है।
रहवासियों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य केवल कागजों में गुणवत्तापूर्ण दिखाया गया, जबकि जमीन पर कार्य बेहद घटिया स्तर का हुआ। अब स्थिति यह है कि निस्तारी तालाब में पानी टिक ही नहीं पा रहा है। इससे पशुओं के लिए पानी की व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए,तथा तालाब की मेड़ का पुनर्निर्माण जल्द कराया जाए ताकि आने वाले दिनों में जल संकट से राहत मिल सके।